implantantika alanantalya habersakarya evden eve nakliyatizmir escort
HOMEMADHYAPRADESH

BJP Working Committe Meeting: पार्टी कार्यकर्ता जनता को बताएं बंटाढार युग का सच और भाजपा के विकास की कहानीः शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष ने किया जनसंपर्क अभियान में जुट जाने का आह्वान

भोपाल। आज जो युवा हैं, उन्हें देश और मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकारों के समय की दुरावस्था की जानकारी नहीं है। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने अपने 9 सालों में सिर्फ देश और प्रदेश की तस्वीर ही नहीं बदली, बल्कि राजनीति में एक नई कार्य संस्कृति की शुरुआत की है। हमें युवा पीढ़ी को इस बारे में जागरूक करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार 30 मई को अपने 9 साल पूरे कर रही है। इस अवसर पर 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि इस अभियान को सफल बनाने में पूरी ताकत से जुट जाएं और घर-घर जाकर बंटाढार युग का सच और भाजपा की विकास गाथा लोगों को बताएं। यह बात प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कही।

हमारे नेतृत्व ने रचा इतिहास, हमें उस पर गर्व है

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारा नेतृत्व आदर्श है, जिसने देश और प्रदेश में इतिहास रचा है। हमें अपने नेतृत्व पर गर्व है। एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपना स्थान बनाया है, तो मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपनी मेहनत और संवदेनशीलता से जनता का विश्वास जीता है। पहले की सरकारें जहां रोटी, कपड़ा और मकान की सिर्फ बातें करती थीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने उसे साकार करके हर गरीब का जीवन स्तर ऊपर उठाया है। मोदी जी की सरकार ने हर गरीब को छत दी है, कोई भूखा न सोए, इसलिए मोदी सरकार हर गरीब को पांच किलो अनाज दे रही है। पांच लाख रुपये तक हर गरीब को मुफ्त इलाज मिल रहा है। दूसरी तरफ प्रदेश की शिवराज सरकार एक बीमारू राज्य को विकसित बनाकर, स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में बढ़ रही है।

भाजपा सरकारों ने असंभव को संभव बना दिया

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अपने 9 सालों के कार्यकाल में ऐसे-ऐसे काम किए हैं, जो असंभव लगते थे। जिस राम मंदिर के लिए लाखों लोगों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भव्य राम मंदिर का निर्माण चल रहा है। कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति के लिए डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दिया, वह धारा 370 कश्मीर से हटा दी गई है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी ने गांव-गांव को सड़कों से जोड़ने का जो सपना देखा था, उसे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने साकार किया है। मध्यप्रदेश आज विकास का मॉडल बन गया है। लाड़ली लक्ष्मी योजना ने देश-प्रदेश में इतिहास रचा है और 45 लाख से अधिक बेटियां लाडली लक्ष्मी बन चुकी हैं। प्रदेश में पहले जहां सिर्फ 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, वहीं अब 45 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है। किसानों के लिए ई-मंडी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यही वजह है कि जनता हमारी सरकारों पर विश्वास करती है।

कांग्रेस के जींस में देशद्रोह और भ्रष्टाचार

श्री शर्मा ने कहा कि फूट डालो और राज करो की नीति कांग्रेस के खून में है। छल-कपट की राजनीति करने वाले, प्रदेश को दुरावस्था में ढकेलकर बंटाढार करने वाले कांग्रेस के दिग्विजयसिंह जैसे नेता आज फिर झूठ परोस रहे हैं। ये वही दिग्विजय सिंह हैं, जिनके बारे में कांग्रेस सरकार के मंत्री उमंग सिंघार ने कहा था कि ये सबसे बड़े भू माफिया, शराब माफिया और रेत माफिया हैं। 15 महीने की कांग्रेस सरकार के एक और मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने कहा था कि भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया है कि टीआई रेट तय करते हैं और पैसा ऊपर तक जाता है। इन्होंने वल्लभभवन को दलाली का अड्डा बना दिया था। श्री शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार और देशद्रोह कांग्रेस के जींस में है। देश में आपातकाल लगाने में कमलनाथ की बड़ी भूमिका रही है।

30 दिनों के अभियान में प्रवक्ता बनकर मैदान में उतरे हर कार्यकर्ता

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार के 9 साल पूरे होने पर पार्टी द्वारा विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू किया जा रहा है, जो 30 मई से 30 जून तक चलेगा। इस अभियान के दौरान प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी के प्रवक्ता के रूप में मैदान में उतरना है और कांग्रेस की करतूतों तथा भाजपा सरकार की उपलब्धियों को हर घर तक, हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा सरकारों की योजनाओं और संगठन की ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे तथा 2023 और 2024 के चुनावों में जीत का इतिहास बनाएंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पार्टीजनों का आशीर्वाद लेकर हमें मैदान में उतरना है और हर बूथ पर विजय के संकल्प को साकार करना है।

इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, सह प्रभारी व सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया, पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, केन्द्रीय मंत्री  नरेन्द्र सिंह तोमर, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ, कैलाश विजयवर्गीय, लोकसभा के मुख्य सचेतक राकेश सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा, केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक, फग्गनसिंह कुलस्ते, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष व सांसद सुधीर गुप्ता, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, प्रदेश शासन के मंत्री भूपेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक राजेन्द्र शुक्ला एवं पार्टी की प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार उपस्थित थे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने किया।

 

Show More
Back to top button
implantantika alanantalya habersakarya evden eve nakliyatizmir escort