Election News

Damoh By Election Result: 17089 वोटों से जीता कांग्रेस के अजय टंडन ने चुनाव, कमलनाथ बोले धनबल से नहीं जीता जाता चुनाव

दमोह। विधानसभा उपचुनाव की मतगणना रविवार को पालीटेक्निक कॉलेज में हुई। 26 राउंड तक हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन ने 17 हजार 89 वोटों से जीत दर्ज की। पहले राउंड से अजय टंडन ने भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह पर बढ़त बनाई। इसके बाद जितने भी राउंड हुए, ज्यादातर में कांग्रेस प्रत्याशी अपनी बढ़त बनाए रहे। पांचवें राउंड में राहुल सिंह ने अजय टंडन से अधिक वोट हासिल किए, लेकिन इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। एक के बाद एक राउंड चलते रहे और कांग्रेस जीत की ओर बढ़ती गई। इस तरह दो बार चुनाव लड़ चुके अजय टंडन को तीसरी बार विधायक बनने का मौका मिल गया।

प्रहलाद पटेल व सिंधिया ने दी बधाई

केंद्रीय राज्यमंत्री व दमोह सांसद प्रहलाद पटेल ने मतगणना पूरी होने के पहले ही कांग्रेस प्रत्याशी को जीत की बधाई दे दी। उन्होंने ट्वीट किया कि हम जीते नहीं, पर सीखे बहुत। वहीं राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी ट्वीट कर अजय टंडन को बधाई दी।

आमना-सामना हुआ लेकिन बात नहीं

सुबह आठ बजे से डाक मतपत्रों की गणना हुई। अजय टंडन और राहुल सिंह सुबह से मतगणना स्थल पर पहुंच गए थे। इस बीच दोनों का आमना-सामना भी हुआ, लेकिन दोनों ने कोई बात नहीं की। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।

दमोह उपचुनाव का संदेश – धनबल से नहीं जीता जाता चुनाव : कमल नाथ

दमोह उपचुनाव के नतीजों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि यह थोपा हुआ चुनाव था। मतदाताओं ने साफ संदेश दे दिया है कि धनबल से चुनाव नहीं जीते जाते हैं। हमारा मुकाबला धनबल, प्रशासन, चुनाव आयोग से था। भाजपा ने कई मंत्रियों को लगाया था। हमारे लोगों को प्रलोभन दिया गया क्योंकि अब उनके पास इसके अलावा कुछ नहीं बचा है। पुलिस और प्रशासन वहां क्या कर रहा था, यह सबको पता है। उन्होंने कहा कि अब मतदाता समझने लगा है। उसने सचाई का साथ दिया है।

Show More

Related Articles

Back to top button