News24you

News you are looking for

corona third wave: मध्य प्रदेश में कोरोना आंकड़ों ने फिर बढ़ाई चिंता, CM बोले ये तीसरी लहर को निमंत्रण देना

corona third wave: मध्य प्रदेश में कोरोना आंकड़ों ने फिर बढ़ाई चिंता, CM बोले ये तीसरी लहर को निमंत्रण देना

corona third wave: अनलॉक के बाद मध्य प्रदेश (MP Unlock) में धीरे धीरे बढ़ रहे केस को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने चिंता जताई है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शनिवार को मध्य प्रदेश में 78 हजार टेस्ट किये गये, जिनमें से 18 पॉजिटिव आये। शुक्रवार जो टेस्ट किये गये उसमें 11 पॉजिटिव आये थे, इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में वायरस है। पॉजिटिव लगातार आ रहे हैं। अगर हम असावधान रहे तो यह तीसरी लहर (corona third wave) को निमंत्रण देने के समान होगा।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि न केवल हमारे देश में अपितु दुनिया के कई देशों में कोविड के प्रकरण बढ़ना चिंता का विषय है। ब्रिटेन (Britain) में तीन महीने के लॉकडाउन (Lockdown) के बाद 55 हजार केस आये हैं। दुनिया के अन्य देशों में भी कोरोना (Coronavirus) के प्रकरण तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में भी कई जिलों में पॉजिटिविटी दर 10 प्रतिशत से कम नहीं हुई है। अत: यह स्पष्ट है कि वायरस अभी मौजूद है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने कहा है कि दक्षिण और उत्तरपूर्व के राज्यों में पॉजिटिव प्रकरण तेजी से आ रहे हैं। कई जगह प्रकरण प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। प्रदेशवासियों से मेरी अपील है कि कोरोना से निश्चिंत न हों। कोरोना संक्रमण को रोकने के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। प्रदेश में अधिकतम टेस्ट करने, पॉजिटिव आये व्यक्तियों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कर उन्हें आइसोलेशन में रखने का कार्य जारी है। प्रदेश में टीकाकरण का अभियान भी लगातार चल रहा है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना की तीसरी लहर का सामना करने के लिए अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्था स्थापित करने के लिए भी राज्य सरकार सक्रिय है।  तीसरी लहर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय कोरोना अनुकूल व्यवहार का पालन करना है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और स्वास्थ्य विभाग (Health Department) भी बार-बार कोरोना अनुकूल व्यवहार के पालन का आग्रह कर रहा है। प्रदेशवासियों से इसके प्रति गंभीर रहने की अपील है।