News24you

News you are looking for

संतकबीरनगर में हर्ष फायरिंग में पांच मासूमों को लगी गोली, दो की हालत गंभीर

संतकबीरनगर में हर्ष फायरिंग में पांच मासूमों को लगी गोली, दो की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव में गुरुवार की रात छठी-बरही कार्यक्रम के दौरान हो रही हर्ष फायरिंग में पांच मासूम बच्चों को गोली लग गई। गोली लगते ही चीख-पुकार मच गई। अफरा-तफरी का माहौल हो गया। परिजन घायलों को आनन-फानन में लेकर सीएचसी हैंसर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो की हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस फायरिंग करने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार धनघटा थानाक्षेत्र के अशरफपुर गांव निवासी रामचंद्र भारती के घर गुरुवार की रात छठी-बरही का कार्यक्रम चल रहा था। बच्चे खुशी में नाच रहे थे। इस दौरान गांव के कुछ लोग लाइसेंसी असलहा लेकर पहुंचे थे। रात करीब दस बजे उक्त लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दिया। इससे आठ वर्षीय अर्चना, पांच वर्षीय आयुष, सात वर्षीय रागिनी, छह वर्षीय राजन तथा 12 वर्षीय सत्यम को गोली लग गई। गोली लगते ही बच्चे जमीन पर गिरकर तड़पने लगे।

बच्चों की यह दशा देखकर लोग चीखने-चिल्लाने लगे। गांव के लोगों की सहायता से इन बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैंसर बाजार में इलाज के लिए दाखिल कराया गया। यहां के डाक्टरों ने अर्चना व आयुष की हालत गंभीर देखकर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।