News24you

News you are looking for

CM शिवराज बोले- अभी टला नहीं है कोरोना का संकट, सतर्क रहना आवश्‍यक, वैक्सीन ही बचाव

CM शिवराज बोले- अभी टला नहीं है कोरोना का संकट, सतर्क रहना आवश्‍यक, वैक्सीन ही बचाव

भोपाल। मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि अभी कोरोना का संकट टला नहीं है, खतरा बरकरार है। अनलॉक के बाद 6 से 8 हफ्ते के बीच तीसरी लहर आने की आशंका है। शिवराज ने क‍हा कि हमें कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पालन करना है और वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित करना है। 21 जून से मध्यप्रदेश में टीकाकरण के लिए महाअभियान प्रारंभ होगा। 7,000 वैक्सीनेशन सेंटर्स पर सुबह 10 बजे टीकाकरण महाअभियान प्रारम्भ किया जाएगा। वहीं सीएम शिवराज ने शाम को प्रदेश की जनता को भी संबोधित करते हुए सतर्क रहने का आह्वन किया।

सीएम ने कहा कि हर सेंटर पर एक प्रेरक होगा जो लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करेगा। मेरा सभी से अनुरोध है कि इस महाअभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

सीएम ने कहा कि इस मौके पर मैं स्वयं भी वैक्सीन लगवाऊंगा और दूसरों को भी प्रेरित करूंगा। इसका संकल्प लें। मैं स्वयं भी निकलूंगा इस उद्देश्य के लिए। टीकाकरण का महा अभियान शुरू पवित्र अभियान है, लोगों के जीवन को बचाने का अभियान है। इसमें पूरी सरकार जुटेगी लेकिन समाज को भी जुटना पड़ेगा। धर्मगुरु, समाजसेवी, चिंतक, समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति सभी वैक्सीन लगाने को लेकर जनता को प्रेरित करें।

 

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि मेरी सलाह है कि भ्रांतियों में तथा तथ्यहीन अफवाहों में न आएं बिना किसी झिझक के बेफिक्र होकर वैक्सीन लगवाएं तथा खुद को और अपने प्रियजनों को कोविड-19 के संक्रमण से बचाएं। उन्‍होंने कहा कि टीकाकरण पूरी तरह से सुरक्षित है। टीकाकरण यानि वैक्‍सीनेशन से संबंधित अनेक भ्रांतियां लोगों के बीच फैली हुई हैं। जैसे वैक्सीनेशन के उपरांत उन्हें गंभीर साइड इफेक्ट हो जाएंगे या उनके स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ेगा। वास्तव में ये भ्रांतियां निराधार हैं तथा इनके प्रमाण में कोई वैज्ञानिक तथ्य नहीं है।