News24you

News you are looking for

सबसे अच्छी खबर: 15 मई के बाद मिल सकती है कोरोना से राहत, घट जायेगा संक्रमण

सबसे अच्छी खबर: 15 मई के बाद मिल सकती है कोरोना से राहत, घट जायेगा संक्रमण

कोरोना संक्रमण के कहर का सामना कर रहे देशवासियों के लिए कुछ राहत की खबर है। देश की जानी मानी वायरोलॉजिस्ट और चिकित्सा विज्ञानी गगनदीप कांग के मुताबिक इस महीने के मध्य से लेकर आखिर तक संक्रमण के मामलों में गिरावट आनी शुरू हो जाएगी।

अभी कोरोना संक्रमण चरम पर है। इस महीने दूसरी बार चार लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं और करीब चार हजार लोगों की मौत भी हुई है। संक्रमण में बढ़ोतरी का आलम यह है कि एक हफ्ते के दौरान ही 25 लाख से ज्यादा मामले बढ़ गए हैं। गगनदीप कांग के मुताबिक अभी कोरोना संक्रमण की एक या दो लहर और आ सकती है यानी नए मामलों में वृद्धि हो सकती है, लेकिन हालात मौजूदा दौर की तरह खराब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि इस समय कोरोना संक्रमण ऐसे क्षेत्रों को तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है, जो पहले बचे हुए थे।

मध्यम वर्ग और ग्र्रामीण इलाकों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हालांकि, लंबे समय तक इन क्षेत्रों में इसका प्रसार बने रहने की संभावना कम है। कांग ने एक वेबिनार को संबोधित करते हुए कोरोना वायरस की घटती जांच पर भी चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि जांच में संक्रमण के जितने मामले सामने आ रहे हैं वास्तविकता में इनकी संख्या इससे कहीं बहुत ज्यादा होगी। कोरोना वायरस की अभी एक या दो और लहर की आशंका जताते हुए उन्होंने यह भी कहा कि यह कब होगा इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह बुरा फ्लू वायरस जैसा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मौसमी वायरस बन जाएगा, जैसा कि कोई खराब फ्लू वायरस होता है। बार-बार संक्रमित होने और टीकाकरण के चलते लोगों में इसके खिलाफ प्रतिरक्षा पैदा हो जाएगी।