तपन निषाद/कटनी-विजयादशमी पर्व के अवसर पर 20 अक्टूबर 2026 को चौपाटी में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर नगर निगम प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर निगम उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया ने मंगलवार दोपहर रावण दहन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रीमती झारिया ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आयोजन स्थल पर आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पुख्ता रखी जाएं। उन्होंने स्थल पर पेयजल, फायर ब्रिगेड, विद्युत व्यवस्था, चलित शौचालय एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों के लिए की गई बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक इंतजामों का भी अवलोकन किया।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी, उपयंत्री श्री हिमांशु गौतम, स्वच्छता निरीक्षक अतुल गुप्ता सहित स्वास्थ्य एवं अतिक्रमण शाखा के कर्मचारी उपस्थित रहे।













