News24you

News you are looking for

UP दुर्गा पंडाल में लगी आग 2 की मौत, 60 लोग झुलसे

UP दुर्गा पंडाल में लगी आग 2 की मौत, 60 लोग झुलसे

UP के भदोही के औराई जिले स्थित नरथुआ में दुर्गा पूजा पंडाल में आरती के समय भीषण आग लगने से पूरा पंडाल जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई और लगभग 60 लोग झुलस गए। सभी स्थानीय हैं। मिली जानकारी के मुताबिक नरथुआ स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में रात करीब नौ बजे आरती की जा रही थी।

काफी संख्या में लोग पंडाल के भीतर थे और बाहर बड़ी भीड़ एकत्रित थी। इसी समय पंडाल के पर्दे में किसी तरह आग लग गई। जब तक लोग समझ पाते तब तक आग विकराल हो गई। देखते-देखते पूरा पंडाल जलकर राख हो गया। आग लगने से लोगों में भगदड़ मच गई। लोग इधर से उधर भागने लगे। फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचती और आग पर काबू पाया जाता, इससे पहले ही आग ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया।

आरंभिक जांच में जनरेटर के वायर में स्पार्क हुआ। तार में आग लग गई जो पंडाल के कपड़ों में तत्काल पसर गई। 12 लोगों की स्थिति चिंताजनक है। झुलसे लोगों को औराई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मौके पर जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसपी डा. अनिल कुमार मौजूद हैं। कई पीड़ितों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।