News24you

News you are looking for

Sonali Phogat सोनाली के लॉकर में क्या है? नहीं खुल सका, अब किया गया सील

Sonali Fogat

Sonali Phogat भाजपा नेता की हत्या के मामले में गोवा पुलिस शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन सोनाली फोगाट के संत नगर स्थित आवास पर पहुंची। इंस्पेक्टर डेरेन डिकोस्टा की टीम ने पहली मंजिल पर बने कमरों को खंगाला। यहां तीन डायरी व कुछ दस्तावेज मिले। इन सभी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान अलमारी के लॉकर को खोलने का प्रयास भी किया। इस दौरान पड़ोसी नरेश को गवाह बनाया गया।

पुलिस ने यहां दोपहर 12 बजे से साढ़े 3 बजे तक सर्च अभियान चलाया। इस दौरान अलमारी के लॉकर को खोलने के लिए परिवार के लोगों से पासवर्ड पूछा लेकिन किसी को कुछ नहीं पता था। इसके बाद टीम सदस्यों ने गोवा में अधिकारियों से बात की और आरोपी सुधीर सांगवान से वीडियो कॉल पर बात कराई।

इंस्पेक्टर डेरेन डिकोस्टा ने अलमारी का लॉकर दिखाकर पासवर्ड पूछा तो सुधीर सांगवान ने दो बार पासवर्ड बताया लेकिन लॉकर नहीं खुला। इसके बाद गोवा पुलिस ने लॉकर को सील कर दिया। इससे पहले गोवा पुलिस प्रॉपर्टी के दस्तावेज अटैच कर चुकी है। परिवार के सभी लोगों से एक-एक कर सुधीर सांगवान के बारे में जानकारी जुटाई है। गोवा पुलिस सोनाली हत्याकांड को प्रॉपर्टी एंगल से जोड़कर जांच कर रही है।

मकान में सुधीर के कमरे पर लगे ताले की भी नहीं मिली चाबी
सोनाली के भाई वतन ढाका ने बताया कि सुधीर सांगवान नीचे बने कमरे में सोता था। उसके कमरे पर लॉक है। इस कमरे की तलाशी गोवा पुलिस ने नहीं ली। इस कमरे की चाबी के बारे में परिजनों को जानकारी नहीं है। सोनाली के जीजा अमन पूनिया ने कहा कि गोवा पुलिस समय बर्बाद कर रही है। सच्चाई के राज सुधीर सांगवान से ही खुलेगा।

हमारी टीम अधिकारियों से मिले आदेश के अनुसार जांच कर रही है। हमने कुछ दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। अभी जांच की प्रक्रिया चल रही है। जरूरत पड़ी तो दोबारा से बैंक व तहसील कार्यालय जाएंगे। – डेरेन डिकोस्टा, इंस्पेक्टर गोवा पुलिस।