News24you

News you are looking for

PM in Prayagraj प्रयागराज में आज प्रधानमंत्री, खोलेंगे सौगातों का पिटारा

pm-modi-pmay

PM in Prayagraj प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को संगमनगरी में मातृशक्ति के महाकुंभ में भाग लेंगे। परेड मैदान पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में वह स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं सेे संवाद करेंगे। इस दौरान एसएचजी के बैंक खातों में एक हजार करोड़ रुपये भी डालेेंगे, इससे 16 लाख महिलाओं को मदद मिलेगी। इसके अलावा पीएम आत्मनिर्भर हो रहीं महिलाओं को सम्मानित भी करेंगे। इस कार्यक्रम में ढाई लाख से अधिक महिलाएं शामिल होंगी।

 पौने एक बजे बम्हरौली आएंगे पीएम

प्रधानमंत्री मोदी का विशेष विमान करीब पौने एक बजे बम्हरौली पर उतरेगा। वहां से वह हेलिकॉप्टर से परेड मैदान पहुंचेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सांसद हेमा मालिनी समेत कई महिला सांसद एवं मंत्री भी मौजूद रहेंगे। करीब दो घंटे तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान पीएम प्रदेश में बनने वाले 202 टेक होम राशन प्लांट का शिलान्यास करेंगे।

इनके अलावा एक लाख स्वयं सहायता समूहों के खातों में एक हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर करेेंगे। इनके अलावा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की एक लाख एक हजार लाभार्थियों के खाते में भी 20 करोड़ से अधिक रुपये ट्रांसफर करेंगे। प्रधानमंत्री का संगम पूजन का कार्यक्रम भी संभावित है। इसके लिए तैयारी की गई है। बम्हरौली एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री का विमान करीब पौने तीन बजे रवाना होगा।

महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्यक्रम
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से सोमवार को बताया गया कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से जमीनी स्तर पर, उन्हें आवश्यक कौशल, संसाधन और प्रोत्साहन प्रदान करने के प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

पीएमओ के मुताबिक, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत धनराशि का हस्तांतरण किया जाएगा। इसमें 80 हजार एसएचजी को सामुदायिक निवेश फंड के तहत 1.10 लाख रुपये प्रति समूह और 60 हजार एसएचजी को 15000 रुपये प्रति समूह की दर से राशि दी जाएगी।

20 हजार सखियों को पहले वेतन के रूप में मिलेंगे चार हजार
पीएमओ के मुताबिक इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सखी योजना को बढ़ावा देने के लिए 20 हजार सखियों के खातों में पहले वेतन (स्टाइपेंड) के तौर पर चार-चार हजार रुपये भी डालेंगे। ये सखी घर-घर जाकर जमीनी स्तर पर वित्तीय सेवाएं देती हैं।