Thursday, October 29, 2026
Latest:
Corona newsHOME

CORONA पर गम्भीर हुई सरकार, PM मोदी ने की हाई लेवल मीटिंग, जल्द दिख सकते हैं कड़े निर्णय

Corona प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए देश में कोविड-19 (COVID-19) की स्थिति और टीकाकरण अभियान की समीक्षा की. सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी. यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि भारत में अभी भी कोरोना की दूसरी लहर जारी है और यह समाप्त नहीं हुई है.

उन्होंने कहा था कि देश के 35 जिलों में साप्ताहिक कोविड संक्रमण दर 10 प्रतिशत से अधिक है, जबकि 30 जिलों में यह दर 5 से 10 प्रतिशत के बीच है. सरकार ने गुरुवार को कहा था कि देश की वयस्क आबादी में 58 प्रतिशत को कोविड-19 टीकों की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है, वहीं 18 प्रतिशत को दोनों खुराकें दी गयी हैं. इसके साथ ही सरकार ने कहा कि देश में अब तक 72 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं.

देश में कोरोना संक्रमण के 34,973 नए मामले

भारत में कोरोना संक्रमण के 34,973 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद देश में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या अब 3,31,74,954 हो गई है. जबकि इस दौरान 260 मरीजों की मौत के बाद संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 4,42,009 पर पहुंच गया है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मरीज अब घटकर 3.90 लाख हो गए हैं.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों में देश भर में संक्रमण से 37,681 लोग ठीक भी हुए हैं, जिसके बाद कोरोना से अब तक ठीक होने वालों की संख्या 3,23,42,299 हो गई है. वहीं एक्टिव केस की संख्या फिलहाल 3,90,646 है, जो कुल मामलों का 1.18 प्रतिशत है. दैनिक पॉजिटिविटी रेट 1.96 प्रतिशत है, जो पिछले 11 दिनों से 3 प्रतिशत से कम है. जबकि विकली पॉजिटिविटी रेट 2.31 प्रतिशत है, जो 77 दिनों से 3 प्रतिशत से नीचे बनी हुई है. मंत्रालय ने बताया कि देश भर में अब तक 72,37,84,586 कोरोना वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं.

केरल में 26,200 नए मामले और 114 मौतें

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में रिकवरी रेट अब 97.49 प्रतिशत हो गया है. वहीं, इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) ने बताया कि भारत में गुरुवार को कोरोना वायरस के लिए 17,87,611 सैंपल टेस्ट किए गए, जिसके बाद देश में सैंपल टेस्टिंग का आंकड़ा अब 53,86,04,854 हो गया है. वहीं बता दें कि देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 34,973 नए मामलों और 260 मौतों में केरल से सामने आए 26,200 नए मामले और 114 मौतें भी शामिल हैं.

राज्यों और UTs के पास अभी 5.72 करोड़ डोज मौजूद

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 71.94 करोड़ (71,94,73,325) से ज्यादा कोरोना वैक्सीन की डोज प्रदान की गई है. इसके अलावा, 7 लाख से अधिक डोज (7,00,000) पाइपलाइन में मौजूद हैं. मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 5.72 करोड़ (5,72,74,025) से ज्यादा कोविड वैक्सीन डोज अब भी मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल किया जाना बाकी है.

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp