11 घंटे में बदले समीकरण: सुबह बाइडन बोले- रूस के साथ बातचीत को तैयार, देर रात पुतिन ने यूक्रेन में सेना भेजी, 20 हजार भारतीयों को वापस लाया जाएगा

11 घंटे में बदले समीकरण: सुबह बाइडन बोले- रूस के साथ बातचीत को तैयार, देर रात पुतिन ने दिया यूक्रेन में सेना भेजने का आदेश, 20 हजार भारतीयों को वापस लाया जाएगा

Russia Ukraine Crisis

यूक्रेन को लेकर रूस और पश्चिमी देशों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच पिछले दो महीनों से जारी तनाव में सोमवार (21 फरवरी) को निर्णायक मोड़ आया, जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहले राष्ट्र के नाम संबोधन में अमेरिका पर जुबानी हमला बोला और फिर यूक्रेन के दो हिस्सों- डोनेत्स्क और लुहांस्क को स्वतंत्र करार दे दिया। पुतिन ने इसके ठीक बाद अलगाववादियों के कब्जे वाले इन शहरों में सैनिक भेजकर शांति अभियान चलाने का भी आदेश दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि पुतिन के आदेश से महज 11 घंटे पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा था कि वह रूसी राष्ट्रपति के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं।

व्हाइट हाउस ने रविवार रात (भारतीय समयानुसार सोमवार सुबह) ही कहा था कि रूस अगर यूक्रेन पर हमला न करे तो अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ सैद्धांतिक रूप से बैठक करने को तैयार हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ने लगातार यह स्पष्ट किया है कि हम हमला शुरू होने के क्षण तक कूटनीतिक समाधान तलाश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

अमेरिका और रूस की ओर से सुबह जारी हुए इन बयानों के 11 घंटे बाद पुतिन ने राष्ट्र के नाम संबोधन में अलगाववादियों के कब्जे वाले डोनेत्स्क और लुहांस्क को स्वतंत्र करार दे दिया। ये दोनों ही क्षेत्र रूस की सीमा के करीब हैं। इसके ठीक बाद पुतिन ने अपने रक्षा मंत्रालय को आदेश दिया कि वह रूसी सैनिकों को इन दोनों शहरों में भेजकर शांति अभियान चलाए। यानी रूस ने सीधे तौर पर यूक्रेन में सैन्य अभियान चलाने का आदेश दे दिया।

रूस द्वारा पूर्वी यूक्रेन के दो क्षेत्रों डोनेत्स्क एवं लुहांस्क को स्वतंत्र देश की मान्यता दिए जाने के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद(UNSC) की आपात बैठक जारी है। इस बैठक में भारत की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। UNSC में भारत के स्थाई सदस्य टीएस तिरुमूर्ति ने यूक्रेन मसले पर भारत की तरफ से बयान दिया है। तिरुमूर्ति ने सभी देशों से संयम बरतने की अपील की है और भारतीय नागरिकों की सलामती के लिए हर संभव कदम उठाने की बात कही है।

Exit mobile version